उत्तराखंड में अग्निवीरों के लिए बनेगा विशेष ‘अग्निवीर सेल’, होमस्टे के लिए मिलेगा विशेष अनुदान: सीएम धामी

 

 

‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने की कई बड़ी घोषणाएं, सरकारी सेवाओं में 10% क्षैतिज आरक्षण और पुनर्वास पर जोर

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून के कुआंवाला स्थित यूथ फाउंडेशन ट्रेनिंग एरिया में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा, जहां अग्निवीरों के लिए विशेष ‘अग्निवीर सेल’ की स्थापना की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पुनर्वास में सहायता के लिए यह समर्पित सेल कार्य करेगा। इसके अलावा पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना के तहत पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को होमस्टे स्थापित करने के लिए विशेष अनुदान दिया जाएगा। सीमावर्ती गांवों में स्थानीय निवासियों, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार से जुड़ी अवस्थापना सुविधाएं विकसित करने के लिए भी विशेष सहायता प्रदान की जाएगी।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही अग्निवीरों के लिए पुलिस, वन विभाग और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, अधिकतम आयु सीमा में छूट तथा भर्ती प्रक्रियाओं में प्राथमिकता देने का निर्णय ले चुकी है। उनका उद्देश्य सेना में सेवा देने वाले प्रत्येक युवा को सम्मानजनक भविष्य सुनिश्चित करना है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद परिवारों की अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजन, आवेदन की समय-सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष करने सहित युद्ध विधवाओं, दिव्यांग सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए भी आर्थिक सहायता की व्यवस्था की गई है।

 

उन्होंने कहा कि अग्निवीर बनना केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च अवसर है। सेना में बिताए गए चार वर्ष युवाओं के पूरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होंगे और राज्य सरकार उनके सम्मान व उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की है। पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं और 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है।

 

कार्यक्रम में विधायक बृजभूषण गैरोला, यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कौठियाल, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) गुलाब सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *