देहरादून। शिवालिक एकेडमी में सत्र 2026-27 के लिए पदभार एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं सेवा भावना का विकास करना था।
समारोह के दौरान विद्यालय के विभिन्न नेतृत्व पदों के लिए चयनित विद्यार्थियों को औपचारिक रूप से उनके दायित्व सौंपे गए। विद्यालय के हेड बॉय पद हेतु कृष्णा फर्सवान, हेड गर्ल पद हेतु जाह्नवी पुंडीर, स्पोट्र्स कैप्टन बॉय पद हेतु पीयूष असवाल तथा स्पोट्र्स कैप्टन गर्ल पद हेतु आकांक्षा पंत को नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त विद्यालय के चारों सदनों अरावली, विंध्या, सतपुड़ा एवं शिवालिक सदन के लिए हाउस कैप्टन, वाइस हाउस कैप्टन, स्पोट्र्स कैप्टन एवं प्रीफेक्ट्स का चयन किया गया।
विद्यालय चेयरमैन सोमदत्त त्यागी, प्रधानाचार्या रजनी त्यागी, कोऑर्डिनेटर तान्या त्यागी, हाउस इंचार्ज एवं शिक्षकों द्वारा सभी चयनित विद्यार्थियों को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया गया। सभी छात्र-प्रतिनिधियों ने विद्यालय के नियमों का पालन करने तथा अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करने की शपथ ली।
विद्यालय शिक्षिका ऋतु त्यागी ने नव-निर्वाचित छात्र परिषद को शपथ दिलाई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी सेवा पूरी निष्ठा, सत्यनिष्ठा और उत्कृष्ट क्षमता के साथ करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन सोमदत्त त्यागी, प्रधानाचार्या रजनी त्यागी, कोऑर्डिनेटर तान्या त्यागी एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ऋतु त्यागी द्वारा किया गया।
