रुद्रप्रयाग। नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग की ओर से शहरी विकास निदेशालय के निर्देशानुसार आयोजित “स्वच्छता सप्ताह” कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन दिवस पर नगर के विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छता विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत वार्ड संख्या 4, 6 और 7 के चयनित विद्यालयों—सरस्वती शिशु मंदिर बेलनी, सरस्वती शिशु मंदिर/विद्या मंदिर पुनाड़ एवं अनूप नेगी मेमोरियल पब्लिक स्कूल गुलबराय—में जूनियर और सीनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में बच्चों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और साफ-सफाई के महत्व को अपने चित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें स्वच्छ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालयों में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को आगामी 15 अप्रैल को नगर पालिका अध्यक्ष एवं सभासदों द्वारा सम्मानित कर पुरस्कृत किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि स्वच्छता अभियान को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मोहल्लों से लेकर नदी किनारों और मंदिर परिसरों तक व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि समापन दिवस पर आयोजित प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का सार्थक प्रयास किया गया है।
