देहरादून। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह त्रुटिरहित, सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। इसी क्रम में एसएसपी स्तर से लेकर कांस्टेबल स्तर तक लगभग 550 महिला अधिकारी एवं कर्मियों की रणनीतिक तैनाती की गई है।
यह तैनाती वीवीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल, कंट्रोल रूम सहित सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड के तहत सुनिश्चित की गई है, जिससे पूरे आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

दीपम सेठ ने बताया कि वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में महिला शक्ति को अग्रणी भूमिका देते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इससे सुरक्षा प्रबंधन में बेहतर समन्वय, संवेदनशीलता, सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता सुनिश्चित हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की उच्च पेशेवर क्षमता, अनुशासन और प्रतिबद्धता वीवीआईपी ड्यूटी को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाती है। पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करते हुए कार्यक्रम को सुरक्षित एवं सफल बनाने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।
