श्रीनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को श्रीनगर स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मेडिकल कॉलेज, श्रीकोट के मुख्य कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने की।
बैठक में कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में अभिभावकों और ग्रामीण समुदाय की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के साथ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, गोद भराई, जन्मोत्सव सहित अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंच सके।
लाभार्थियों से सीधे संवाद पर जोर
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कार्यक्रमों के दौरान लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए अधिकारी गंभीरता से कार्य करें।
उन्होंने प्रत्येक गतिविधि में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों को किया जाए सम्मानित
रेखा आर्य ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ समुदाय को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, बाल संरक्षण और बाल विकास से संबंधित जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने को कहा गया।
अंतिम छोर तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
कैबिनेट मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रमों का सफल और परिणामपरक आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का मूल उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिका अध्यक्ष पौड़ी हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
