गोपेश्वर कोतवाली का एसपी ने किया निरीक्षण, जवानों की शस्त्र दक्षता परखी

गोपेश्वर। सुरजीत सिंह पंवार, पुलिस अधीक्षक चमोली ने कोतवाली गोपेश्वर का वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने पर जोर दिया।

साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव पर बल

एसपी ने कोतवाली परिसर, थाना कार्यालय, मालखाना, बैरक, भोजनालय और हवालात का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई एवं रखरखाव को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। अभिलेखों और विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए उन्होंने जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुके पुराने रजिस्टरों के संरक्षण एवं व्यवस्थित अभिलेखीकरण के निर्देश दिए। त्योहार रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण पत्रावलियों को अद्यतन रखने को कहा गया।

आर्म्स-एम्युनेशन ड्रिल, हेड कांस्टेबल सम्मानित

निरीक्षण के दौरान एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों की आर्म्स-एम्युनेशन ड्रिल करवाई। जवानों को शस्त्र खोलने-जोड़ने और उनके सही रखरखाव का प्रशिक्षण दिया गया। शस्त्रों की बेहतर हैंडलिंग के लिए हेड कांस्टेबल विक्रम को पुरस्कृत किया गया। सभी पुलिस कर्मियों को शस्त्रों की बेसिक जानकारी अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए।

आपदा उपकरणों की जांच

चमोली जिले की संवेदनशील भौगोलिक स्थिति को देखते हुए एसपी पंवार ने आपदा उपकरणों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिस कर्मी को आपदा उपकरणों के संचालन की व्यवहारिक जानकारी होनी चाहिए, ताकि आपात स्थिति में पुलिस प्रथम रिस्पॉन्डर की भूमिका प्रभावी ढंग से निभा सके।

महिला व बाल मामलों में संवेदनशीलता के निर्देश

ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर बल देते हुए एसपी ने महिला हेल्प डेस्क और बाल थाने की पत्रावलियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं और बच्चों से संबंधित मामलों को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *