देहरादून। उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय स्थित मुख्य सचिव सभागार में 26 जून को रुद्रपुर के गांधी मैदान में प्रस्तावित ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कृषि, उद्यान, बागवानी मिशन, सगंध पौधा केंद्र सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया, जबकि ऊधमसिंहनगर, नैनीताल और चम्पावत जनपदों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यह अभियान किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का एक सशक्त मंच बनेगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी तरह समन्वित और समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे।
बैठक में जानकारी दी गई कि इस कार्यक्रम में ऊधमसिंहनगर, नैनीताल और चम्पावत जिलों से लगभग 9,500 किसान और स्वयं सहायता समूहों के सदस्य भाग लेंगे। साथ ही गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से लगभग 1,000 प्रतिभागी भी शामिल होंगे। रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कृषि, उद्यान, ग्रामीण विकास, चाय विकास बोर्ड, सगंध पौधा केंद्र, रेशम एवं अन्य योजनाओं और नवाचारों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे किसानों को नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी।
मंत्री जोशी ने अधिकारियों को पंडाल, मंच, भोजन, परिवहन, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन में मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही व्यय में मितव्ययिता और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया।
बैठक में कार्यक्रम की सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं, ताकि आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
