देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत देहरादून जनपद में मतदाता सत्यापन और गणना प्रपत्र वितरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक 98.22 प्रतिशत मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं, जबकि 2.06 लाख से अधिक मतदाताओं का डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है।
इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण अभियान की प्रगति, मतदाता गणना प्रपत्र वितरण, डिजिटाइजेशन कार्य और राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना सभी संबंधित पक्षों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने राजनीतिक दलों से मतदाताओं को जागरूक करने तथा अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।

बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 13,76,813 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 17 जून तक 13,52,297 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही 2,06,444 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए-2 की नियुक्ति भी की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी ने 1,847, कांग्रेस ने 1,765 तथा सीपीआई(एम) ने 463 बीएलए-2 नियुक्त किए हैं। जिलाधिकारी ने अन्य राजनीतिक दलों से भी अपने प्रतिनिधियों की नियुक्ति कर सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
विधानसभावार प्रगति की समीक्षा में चकराता विधानसभा क्षेत्र में 99.46 प्रतिशत तथा मसूरी विधानसभा क्षेत्र में 99.83 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण दर्ज किया गया। पूरे जनपद में 1,881 बीएलओ अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं को अभी तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें बीएलओ के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट मतदाताओं का नियमानुसार सत्यापन कर सूची तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 जून से 7 जुलाई तक गणना प्रपत्र वितरण का कार्य जारी रहेगा। इसके बाद 14 जुलाई को प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी, जबकि दावा एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।
मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है, जहां पुनरीक्षण अभियान से संबंधित जानकारी और शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।
