देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति की समीक्षा

देहरादून। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदाडे ने आज ऋषिपर्णा सभागार में जनपद देहरादून के निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभावार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी आरओ एवं ईआरओ को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल दो बार पोर्टल पर लॉगिन कर एसआईआर कार्यों की समीक्षा करें तथा अभियान की प्रगति पर नियमित निगरानी बनाए रखें। उन्होंने 18 जून 2026 तक शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण सुनिश्चित करने तथा संबंधित विवरण को समयबद्ध रूप से पोर्टल पर अद्यतन करने के निर्देश दिए। साथ ही, पूर्ण रूप से प्राप्त फॉर्मों को तत्काल पोर्टल पर अपलोड करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष कार्ययोजना तैयार कर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। कम प्रगति के कारणों का विश्लेषण करते हुए संबंधित बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान कर कार्यों में तेजी लाई जाए।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने हाउसिंग सोसायटियों, कार्यालय परिसरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित कर अधिकाधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापक जनजागरूकता के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार बढ़ाने तथा मतदाताओं को फॉर्म भरने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि में फॉर्म वितरण के साथ-साथ डिजिटाइजेशन कार्यों को भी प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा किया जाए। जिन मतदान केंद्रों पर प्रगति धीमी है, वहां संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से निगरानी करते हुए बीएलओ एवं तकनीकी स्टाफ के साथ समन्वय स्थापित कर विलंब के कारणों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए।

अभियान की वर्तमान प्रगति

जनपद में कुल 13,76,813 मतदाता पंजीकृत हैं। अब तक 3,27,236 ईएफएस फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं तथा 16,748 फॉर्मों का डिजिटाइजेशन पूर्ण किया गया है। शेष 10,49,577 ईएफएस फॉर्मों का वितरण 18 जून तक किया जाना है, जबकि 13,60,065 फॉर्मों का डिजिटाइजेशन अभी शेष है।

प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर अभियान के लक्ष्यों को पूर्ण करने के लिए समन्वित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *