रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ, कुमाऊं-गढ़वाल को मिलेगी नई रेल कनेक्टिविटी

 

 

उत्तराखंड। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। सप्ताह में दो दिन चलने वाली यह ट्रेन कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच संपर्क को मजबूत करने के साथ पर्यटन, व्यापार और आवागमन को नई गति देगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रेल सेवा केवल नई ट्रेन नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास और क्षेत्रीय संपर्क की नई जीवनरेखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। यह ट्रेन रामनगर से देहरादून के बीच काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होकर चलेगी, जिससे यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और पर्यटकों को लाभ मिलेगा।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है, राज्य को दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है और वर्ष 2026-27 में रेलवे विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट मिला है। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

 

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का संचालन भविष्य में प्रतिदिन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड को जोड़ने वाली 20 नई एवं विस्तारित नियमित रेल सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं तथा राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *