रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम की आगामी यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्री केदार सभा के अध्यक्ष, बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बी.के.टी.सी.) के प्रतिनिधियों और हक-हकूकधारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान बर्फ हटाने, पैदल मार्ग को दुरुस्त करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मूलभूत सुविधाओं की बहाली पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल से प्रारंभ होगी। वर्तमान में धाम क्षेत्र में 3 से 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है, जिसे हटाने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। बर्फ हटने के बाद दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले पेयजल, बिजली, आवास और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर बहाल की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि वर्तमान में धाम में पुलिस के 3 जवान और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के 12 जवान तैनात हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर इस बार सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही और आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान राजकुमार तिवारी, पंकज शुक्ला, राहुल चौबे, अखिलेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन का लक्ष्य है कि केदारनाथ यात्रा को इस वर्ष सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाया जाए।
