चमोली। आगामी 9 से 13 मार्च तक भराड़ीसैंण में आयोजित होने वाले उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र को लेकर चमोली जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में सत्र के दौरान आने वाले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने दूरसंचार और इंटरनेट सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने को कहा।
इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों और संपर्क मार्गों को यातायात के लिए पूरी तरह सुचारु रखने तथा मार्गों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने विद्युत, पेयजल, भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने को कहा।
सत्र के दौरान आगंतुकों की सुविधा के लिए पेयजल, बायो-टॉयलेट सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए कंटीजेंसी प्लान तैयार करने और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि विधानसभा बजट सत्र के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाएंगे, ताकि सत्र का संचालन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
