लासी गांव ने लिया ऐतिहासिक फैसला, गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू

चमोली। चमोली जिले के विकासखंड दशोली अंतर्गत लासी गांव में बुधवार को ग्रामीणों ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए गांव को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। ग्रामवासियों ने एकजुट होकर गांव में शराब के सेवन और बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की शपथ ली।

इस दौरान ग्रामीणों ने मां नंदा देवी और जाख देवता की कसम खाकर कहा कि गांव में किसी भी व्यक्ति को शराब पीने या बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ग्रामीणों ने यह भी निर्णय लिया कि यदि कोई व्यक्ति इस नियम का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सामूहिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीण नयन कुंवर ने कहा कि शराब के कारण समाज और परिवारों में कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसी को देखते हुए गांव के सभी लोगों ने मिलकर यह महत्वपूर्ण फैसला लिया है।

गांव की महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भी इस निर्णय का पूरा समर्थन किया और इसे समाज के लिए एक सकारात्मक और सराहनीय कदम बताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस पहल से गांव में सामाजिक सौहार्द बढ़ेगा और आने वाली पीढ़ियों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *