नई टिहरी। आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नई टिहरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में थाना प्रभारी नई टिहरी ऐश्वर्य पाल ने उपस्थित समुदाय प्रतिनिधियों, धार्मिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों से मोहर्रम के दौरान निकाले जाने वाले जुलूसों, ताजियों और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक सामग्री पर ध्यान न दें और ऐसी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी दें।
क्षेत्राधिकारी टिहरी ने आयोजकों से निर्धारित मार्गों और समय का पालन करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए तथा यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक शांति बनाए रखने में सभी सहयोग करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों और समुदाय के प्रतिनिधियों ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाने का आश्वासन दिया तथा पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की बात कही।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष, इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष, बुराड़ी क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
