टिहरी। जनसंघ के संस्थापक दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन और विचारों को याद करते हुए कहा कि दीन दयाल उपाध्याय ने राष्ट्रहित के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया और उनका अंत्योदय का सिद्धांत आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है।
जिलाध्यक्ष उदय रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत कार्यकर्ताओं ने दीन दयाल पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया और सामूहिक एवं व्यक्तिगत स्वच्छता को समाज के लिए आवश्यक बताया।
इस मौके पर विधायक किशोर उपाध्याय ने उनके जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करना ही दीन दयाल उपाध्याय को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे उनके विचारों को आत्मसात करते हुए समाज सेवा में सक्रिय रहें।
