नई टिहरी। जनपद की पट्टी ओण के जखवालगांव स्थित कार्तिकानंद समृद्धि फाउंडेशन का वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास और सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों के बीच संपन्न हुआ। समारोह का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक विक्रम सिंह नेगी तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, हिंदी और भोजपुरी गीतों पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे समारोह को जीवंत बना दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि विद्यालय बच्चों के शैक्षिक और नैतिक विकास की प्रथम पाठशाला होते हैं। छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विद्यालय को 50 सेट फर्नीचर उपलब्ध कराने की घोषणा की। वहीं विशिष्ट अतिथि प्रदीप रमोला ने फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था क्षेत्र के गरीब एवं असहाय बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान कर सराहनीय कार्य कर रही है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गोकुल बगियाल ने जानकारी दी कि वर्तमान में फाउंडेशन द्वारा 50 बच्चों को पूर्णतः नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को विधायक विक्रम सिंह नेगी द्वारा नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी पंवार, ज्येष्ठ प्रमुख प्रकाश चंद रमोला, कनिष्ठ प्रमुख विशन सिंह रांगड, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष युद्धवीर राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रवीण व्यास, चंद्रशेखर पैन्यूली, प्रधान करण सिंह थलवाल, प्रधान शुक्री ममता कुडियाल, शैलेंद्र सेमवाल, मनोज सेमवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
