डीएम नितिका खण्डेलवाल ने धान की क्रॉप कटिंग का किया निरीक्षण, 8.955 किलो उपज प्राप्त

नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सोमवार को नरेंद्रनगर तहसील के अंतर्गत ग्राम ओणी के राजस्व ग्राम तलाई में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ स्वयं धान की कटाई और मड़ाई कर उपज का जायजा लिया। साथ ही संबंधित किसान से फसल की स्थिति, धान की किस्म और उत्पादन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

10×3 वर्ग मीटर के प्लॉट में 8 किलो 955 ग्राम धान प्राप्त

राजस्व विभाग की ओर से कृषक जोत सिंह पुण्डीर के खेत में 10×3 वर्ग मीटर का प्लॉट तैयार कर क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। इस प्रयोग में कुल 8 किलो 955 ग्राम धान प्राप्त हुआ। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, फसल को सुखाने के बाद 15 दिन पश्चात उपज का वास्तविक आकलन किया जाएगा। क्रॉप कटिंग प्रयोग की पूरी प्रक्रिया सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से दर्ज की गई।

फसल बीमा और मुआवजा निर्धारण में महत्वपूर्ण हैं आंकड़े

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्रॉप कटिंग प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसलों की औसत उपज और कुल उत्पादन का आकलन किया जाता है।

इन आंकड़ों का उपयोग फसल क्षति की स्थिति में किसानों को मिलने वाले मुआवजे और फसल बीमा की राशि निर्धारित करने में भी किया जाता है। ऐसे में क्रॉप कटिंग प्रयोग की प्रक्रिया का निष्पक्ष और सही तरीके से संपन्न होना बेहद महत्वपूर्ण है।

किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ देने के निर्देश

जिलाधिकारी ने कृषक जोत सिंह पुण्डीर से धान की किस्म और इस्तेमाल किए गए बीज के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इच्छुक किसानों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसान सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल, डीपीआरओ एम.एम. खान, एडीपीआरओ राकेश शर्मा, कानूनगो राय सिंह, पटवारी विनोद राणा सहित क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *