गैरसैंण। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को भराड़ीसैण विधानसभा परिसर का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। पुलिस ने उक्रांद युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर जंगलचट्टी और मेहलचैंरी स्थित अस्थायी जेलों में भेज दिया।
दरअसल, बजट सत्र के पहले दिन उक्रांद ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग को लेकर विधानसभा घेराव का कार्यक्रम घोषित किया था। सुबह करीब 10 बजे उक्रांद कार्यकर्ता दीवालीखाल स्थित विधानसभा प्रवेश द्वार पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
पुलिस को छकाते हुए आगे बढ़े कार्यकर्ता
विधानसभा के भीतर राज्यपाल का अभिभाषण चल रहा था, वहीं बाहर उक्रांद कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए सुरक्षा घेरा तोड़कर विधानसभा की ओर कूच करने लगे। इस दौरान तीन बैरियर भी क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ कार्यकर्ता जंगल के रास्ते विधानसभा परिसर के नीचे तक पहुंच गए, हालांकि पुलिस ने पीछा कर कई प्रदर्शनकारियों को पकड़ लिया।
कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार भी की, लेकिन आंदोलनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। भराड़ीसैण विधानसभा परिसर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और विधानसभा तक मार्च करने की मांग करने लगे।

गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग
प्रदर्शन के दौरान उक्रांद युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए जाने की मांग पूरी तरह संविधान सम्मत है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए 42 आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी, लेकिन आज भी पहाड़ों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
वहीं पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए बिना पहाड़ की समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहाड़ से चुनाव जीतने वाले जनप्रतिनिधि देहरादून और हल्द्वानी में बस जाते हैं, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं।
महिलाओं ने भी किया जोरदार प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान कई बार हालात तनावपूर्ण भी हुए। बड़ी संख्या में महिलाएं भी आंदोलन में शामिल रहीं और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर जनगीत गाते हुए सड़कों पर झुमैला नृत्य करती नजर आईं।
उक्रांद नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में केंद्रीय महामंत्री वीरू सजवाण, जिलाध्यक्ष युद्धवीर सिंह नेगी, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, केएल शाह, यशपाल नेगी, जमन मनेसा, माही चमोला सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
