नई टिहरी। विकासखंड थौलधार की मंजरुवाल ग्राम पंचायत ने नशामुक्त और सकारात्मक सामाजिक वातावरण बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है। ग्राम पंचायत अध्यक्ष बबीता रावत की अध्यक्षता में आयोजित आम बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब गांव में होने वाले किसी भी विवाह, जन्मदिन, चूड़ा कार्यक्रम, देव पूजन या अन्य समारोहों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उल्लंघन करने पर 51,000 रुपये का जुर्माना और आवश्यकता पड़ने पर सामाजिक बहिष्कार जैसी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आदेश के प्रभावी पालन के लिए ग्राम पंचायत ने विशेष निगरानी समिति भी गठित की है, जो आयोजनों की नियमित समीक्षा करेगी।
इस साहसिक निर्णय को ग्रामीणों, मातृशक्ति और युवाओं ने खुले दिल से समर्थन दिया। बैठक में जिला पंचायत सदस्य, पूर्व प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। यह कदम क्षेत्र में नशामुक्त समाज के निर्माण और सकारात्मक सांस्कृतिक माहौल को बढ़ावा देने की दिशा में मिसाल माना जा रहा है।
