रुद्रप्रयाग .
जनपद मुख्यालय के निकट सनबैंड क्षेत्र में शनिवार प्रातः एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। एक स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। स्कूटी में सवार दो लोग रुद्रप्रयाग की ओर आ रहे थे।
सुबह 6:55 बजे सूचना दाता साबर सिंह द्वारा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन तंत्र, डीडीआरएफ, पुलिस एवं 108 एम्बुलेंस सेवा तत्काल सक्रिय हो गई और टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
विषम परिस्थितियों में चलाया गया रेस्क्यू अभियान
मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीम ने खाई में उतरकर अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दुर्घटना में सचिन कुमार 19 वर्ष पुत्र राजकुमार, मूल निवासी बिहार एवं वर्तमान निवासी डांगसेरा-तूना रोड, रुद्रप्रयाग घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद 108 एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया।
वहीं सुलेखा देवी 26 वर्ष पत्नी राजू कुमार, मूल निवासी बिहार एवं वर्तमान निवासी डांगसेरा-तूना रोड, रुद्रप्रयाग सुरक्षित हैं। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही सभी संबंधित एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप राहत एवं बचाव कार्य शीघ्रता से संपन्न हुआ और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
स्थानीय लोगों ने डीडीआरएफ, पुलिस एवं 108 एम्बुलेंस सेवा की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी एवं घुमावदार मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें। तेज गति और असावधानी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। विशेषकर बरसात एवं फिसलन भरे मौसम में सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें।
समय रहते बचाव दल की तत्परता और समन्वित प्रयासों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपदा की घड़ी में त्वरित प्रतिक्रिया ही जीवन रक्षा का सबसे बड़ा आधार है।
