नई टिहरी। टिहरी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जनहित में विभिन्न सामाजिक अभियानों की शुरुआत की जा रही है, जिसके तहत शनिवार को नरेंद्रनगर के माउंट कार्मन क्रिश्चियन अकैडमी में एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी, सड़क सुरक्षा और विकलांग जन अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
बाल श्रम, बाल विवाह और सड़क सुरक्षा पर दी गई अहम जानकारी
इस मौके पर जिला जज योगेश कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मई माह के शेष दिनों में प्राधिकरण द्वारा ‘उड़ान दृ शोषण से स्वतंत्रता अभियान’, ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान’, ‘बाल श्रम मुक्त उत्तराखंड’, ‘बाल विवाह मुक्त उत्तराखंड’ और ‘विकलांग व्यक्तियों व बच्चों के लिए विशेष अभियान’ संचालित किए जाएंगे। इन अभियानों का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को विधिक अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना है।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जज आलोक राम त्रिपाठी ने बच्चों को बाल श्रम, बाल विवाह, बच्चों के विधिक अधिकार, और समाज कल्याण विभाग की विकलांगजन पेंशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
छात्र-छात्राओं को सुरक्षित दवादृसुरक्षित जीवन अभियान के अंतर्गत दवा के सही उपयोग और नकली दवाओं से बचाव की भी जानकारी दी गई। वहीं, पुलिस विभाग की ओर से उप निरीक्षक कविता बर्थवाल ने सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान पर बच्चों से संवाद किया और सड़क पर सुरक्षित चलने के नियमों को समझाया।
रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां ने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, और दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले ‘रहवीर’ योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति किसी दुर्घटनाग्रस्त को समय पर मदद पहुंचाता है, तो उसे सरकार की ओर से आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाता है।शिविर में विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
