Roorkee: कोतवाली पुलिस ने अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को अवैध तमंचे और 315 बोर के जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने थाना क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश बिष्ट, उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी तथा कांस्टेबल नरेश नेगी और राजेंद्र सिंह बिष्ट की टीम ने सुल्तानपुर क्षेत्र से शाह आलम उर्फ भूरा पुत्र हाकम निवासी ग्राम जैनपुर मतलूबपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और 315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शाह आलम उर्फ भूरा का लंबा आपराधिक इतिहास है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रियंका नेगी, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह और होमगार्ड भूषण शर्मा की टीम ने ग्राम अकोढ़ा कलां निवासी अनिकेत पुत्र अनिल कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी के साथ लड़ाई-झगड़ा कर शांति व्यवस्था प्रभावित कर रहा था। उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।
कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।
