केदारनाथ :
केदारनाथ के आपदा प्रभावित तीर्थपुरोहितों को उनकी भूमि पर अनुबंध के तहत प्रदेश सरकार आवासीय भवन बनाकर देगी। इसके तहत धाम में सात यूनिटों में 55 भवनों का निर्माण किया जाएगा। भवनों का निर्माण पहाड़ी शैली से होगा और आगामी यात्राकाल में भवनों के बनने से यात्रियों के रात्रि प्रवास में भी मदद मिलेगी।रविवार को केदारनाथ में वरिष्ठ तीर्थपुरोहित श्रीनिवास पोस्ती की भूमि पर आवासीय भवन निर्माण के लिए पूजन किया गया। पोस्ती ने बताया कि आपदा में केदारनाथ में कई तीर्थपुरोहितों के भवन ध्वस्त हो गए थे। शासन, प्रशासन ने क्षति का आकलन कर प्रभावितों को मुुआवजा देने की घोषणा की लेकिन कई तीर्थपुरोहितों ने मुआवजा के बजाय सरकार से उनकी भूमि पर उन्हें भवन बनाकर देने की बात कही थी। इसके तहत विधिवत तौर पर अनुबंध भी किया गया।
इस अनुबंध के तहत धाम में कुल 143 आवासीय भवन बनाए जाने हैं जिसमें पांच यूनिट बनकर तैयार हो चुकी है। अब सात यूनिट में 55 और भवन बनाए जाने हैं। इधर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि केदारनाथ में प्रभावित तीर्थपुरोहित, जिनके साथ पूर्व में अनुबंध हो रखा है उनकी भूमि पर सरकार उन्हें मकान बनाकर देगी।
केदारनाथ में आपदा प्रभावित तीर्थ पुरोहितों को प्रदेश सरकार 55 आवासीय भवन बनाकर देगी।
