ऊंची पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढकीं, पुलिस-प्रशासन अलर्ट; यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम में एक बार फिर बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। धाम की ऊंची पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं, जिससे हिमालयी क्षेत्र का नजारा बेहद आकर्षक हो गया है। बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु बर्फबारी और बर्फ से ढकी पहाड़ियों को देखकर उत्साहित हैं। हालांकि, तापमान में गिरावट के चलते यात्रियों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने धाम में अलाव की व्यवस्था की है। वहीं, पुलिस और प्रशासनिक टीमें यात्रा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

बारिश और बर्फबारी से बदला मौसम
गुरुवार सुबह से ही रुद्रप्रयाग जनपद में मौसम ने करवट बदली। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हुई, जबकि श्री केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई। मौसम में आए इस बदलाव से क्षेत्र में ठंड और बढ़ गई है। इससे पहले भी धाम में बर्फबारी हो चुकी है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर प्रशासन की नजर
धाम में बर्फबारी और गिरते तापमान को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन की टीमें श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में जुटी हैं। यात्रियों को मौसम के अनुरूप तैयारियां रखने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
गर्म कपड़े और जरूरी दवाइयां साथ रखने की सलाह
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केदारनाथ यात्रा पर आने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें। गर्म जैकेट, ऊनी कपड़े, टोपी, दस्ताने, गर्म मोजे और आवश्यक दवाइयां अपने साथ रखें। ठंड से बचाव के लिए गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें और खुले एवं अत्यधिक ठंडे स्थानों पर अनावश्यक रूप से अधिक समय तक रुकने से बचें।
तबीयत बिगड़ने पर तत्काल लें चिकित्सकीय सहायता
श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि अत्यधिक कंपकंपी, सांस लेने में परेशानी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे यात्रियों का विशेष ध्यान रखें। मौसम प्रतिकूल होने पर अनावश्यक जोखिम न उठाएं और जिला प्रशासन एवं पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों से संपर्क करें। आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सहायता ली जा सकती है।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में बाबा केदार के दर्शन के साथ यात्रियों को अपनी सेहत और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखना चाहिए, ताकि मौसम में बदलाव के बीच यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
