हरिद्वार। श्यामपुर-नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर कांगड़ी फ्लाईओवर के समीप शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक लोडर ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर में जा घुसी। गनीमत रही कि हादसे में कार चालक बाल-बाल बच गया और उसे गंभीर चोटें नहीं आईं। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक कार नजीबाबाद की ओर से हरिद्वार आ रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे लोडर ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक, पुलिस तलाश में जुटी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, हादसे के बाद लोडर ट्रक छोड़कर फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो सकता था।
