टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जनपद में अधिक से अधिक शिविर आयोजित करने तथा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) को पूर्ण रूप से सक्रिय करते हुए पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को स्वयं भी फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें फार्मर रजिस्ट्री के महत्व एवं इससे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक निबंधक सहकारिता, मुख्य कृषि अधिकारी, मत्स्य विभाग, रेशम विभाग, लीड बैंक मैनेजर, सहकारी समितियों एवं अन्य संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक किसान इस अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा उन्हें फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
