एनडीआरएफ ने ऑल सेंट कॉवेंट स्कूल में कराया स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम

 टिहरी। एनडीआरएफ की टीम ने सोमवार को ऑल सेंट कॉवेंट स्कूल नई टिहरी में स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर लगभग 442 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और अध्यापकों को आपदाओं के समय सतर्क रहने, प्राथमिक उपचार देने और बचाव कार्यों में भागीदारी के लिए तैयार करना था।

एनडीआरएफ की टीम ने छात्रों को भूकंप, भूस्खलन और अग्निकांड जैसी आपदाओं से बचाव के तरीके सिखाए। साथ ही सीपीआर, प्राथमिक उपचार, स्टेचर बनाने के सरल उपाय और खोज-बचाव में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने विभिन्न डेमो प्रस्तुत किए और छात्रों व अध्यापकों को अभ्यास भी कराया। इस दौरान विद्यार्थियों अनमोल, आयश, शोभित, कृशाली, अयांशी, यशस्वी, अपूर्वा, अनुपमा, निहारिका, अंशिका, सरस्वती, आराध्या रतूड़ी, अन्वेशा नेगी और शीतल ने सक्रिय रूप से अभ्यास में भाग लिया।

कार्यक्रम में डिप्टी कमांडेंट एनडीआरएफ अवनीश पुरोहित ने एनडीआरएफ के गठन और कार्यप्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कमांडेंट 15वीं बटालियन सुदेश कुमार के मार्गदर्शन में पूरे उत्तराखंड में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल में 18 अगस्त से 2 सितंबर तक लगभग 15 स्थानों पर सेफ्टी प्रोग्राम चलाए जा रहे हैं। इस अवधि में एनडीआरएफ की टीम चंबा, थौलधार, प्रतापनगर और जाखनीधार विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *