हरिद्वार में पहली यूथ राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप का उद्घाटन 

 

प्रतियोगिता के आधार पर चुनी जाएगी बहरीन में आयोजित होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए भारत की टीम

हरिद्वार/ उत्तराखंड :  खेल मंत्री रेखा आर्या ने हरिद्वार में पहले यूथ अंडर-18 राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप 2025 का उद्घाटन किया। 28 जून से 01 जुलाई तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में बालक वर्ग में 27 और बालिका का वर्ग में 26 राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों की टीमों के लगभग 900 खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं पदाधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के आधार पर बहरीन में आयोजित होने वाली एशियन यूथ कबड्डी चैंपियनशिप के लिए भारत की टीम का चयन किया जाएगा।

भारत को स्पोर्ट्स सुपर पावर बनाने में उत्तराखंड की बड़ी भूमिका : रेखा आर्या

हरिद्वार के प्रेम नगर आश्रम सभागार में प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तराखंड की खेल, युवा तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विशिष्ट अतिथि हरियाणा के पंचायती राज एवं खनन मंत्री कृष्णलाल पंवार, जूना अखाड़ा के स्वामी भले गिरी महाराज, अखिल भारतीय कबड्डी संघ के चेयरमैन तेजस्वी गहलोत, सचिव जितेंद्र ठाकुर, उत्तराखंड कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेश जोशी, महासचिव चेतन जोशी, चेयरमैन कबड्डी संघ बिहार कुमार विजय, हरियाणा कुलदीप दलाल की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड में हर सप्ताह एक या दो नेशनल स्तर की खेल प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। इससे स्पष्ट है कि उत्तराखंड बहुत तेजी से खेल भूमि बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित देश बनाने के साथ-साथ खेल जगत में सुपर पावर भी बनाना है और इसमें उत्तराखंड की बड़ी भूमिका रहने वाली है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खिलाड़ी अगर समर्पण, अनुशासन और इच्छा शक्ति के साथ अपने खेल में जुटेंगे तो उन्हें नाम, पैसा, कैरियर सब कुछ मिलेगा।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश के परंपरागत खेलों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है और हाल ही में हमने परंपरागत भारतीय खेल खो खो का पहला वर्ल्ड कप आयोजित किया था। उन्होंने कहा कि भारत में 2036 का ओलंपिक आयोजित करने की तैयारी चल रही है और उम्मीद है कि इसमें भारतीय परंपरागत खेलों को भी जगह मिलेगी।

इस अवसर पर अपने संबोधन में हरियाणा के खनन मंत्री कृष्णलाल पवार ने कहा की कि आने वाली एशियाई यूथ कबड्डी प्रतियोगिता में भारत की टीम निश्चित ही बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप खेलों के विकास को बनाई गई राष्ट्रीय खेल नीति के लागू होने से भारत अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलों के क्षेत्र में विशेष उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी शबाली गुरुंग, उत्तराखंड कबड्ड़ी संघ से नरेंद्र रौथाण, लीलानंद राणा, मनोज नेगी, ऋषिपाल सिंह, सतीश बलूनी, नीतिन कुमार, किशन डोभाल, जयदेव रावत, नागेन्द्र सिंह, दिनेश कैंतुरा, मनीष कुमार, शालू तोमर, आशीष कुमार आदि के साथ ही बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *