देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक संगीत को वैश्विक पहचान दिलाने वाली प्रसिद्ध लोक गायिका हेमा नेगी करासी को प्रतिष्ठित ‘अडानी प्रेजेंट्स अमेजिंग इंडिया अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।
हेमा नेगी करासी को यह सम्मान लोक कला के संरक्षण और अपनी कला साधना के लिए दिया गया है। अपनी मधुर आवाज और लोकगीतों के माध्यम से उन्होंने न केवल देश-विदेश में उत्तराखंड की संस्कृति का परचम लहराया है, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य भी किया है।

इससे पहले हेमा नेगी करासी को ‘तीलू रौतेली पुरस्कार’ और ‘उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार’ जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से भी सम्मानित किया जा चुका है।
इस उपलब्धि पर हेमा नेगी करासी ने कहा, “यह पुरस्कार सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि मेरी देवभूमि उत्तराखंड की पूरी लोक संस्कृति, हमारे पारंपरिक वाद्यों और उन सभी कलाकारों का सम्मान है जो हमारी लोक विरासत को सहेजने में दिन-रात जुटे हैं।”

बता दें कि हेमा नेगी करासी संगीत और कला के क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ-साथ ‘HNK सांस्कृतिक सेवा ट्रस्ट’ के माध्यम से नई पीढ़ी को पारंपरिक वाद्ययंत्रों का निःशुल्क प्रशिक्षण भी दे रही हैं।
इस राष्ट्रीय सम्मान के मिलने से उत्तराखंड के कला जगत में हर्ष की लहर है और प्रशंसकों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।
