देहरादून/कालसी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिपुर कालसी पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विकास की कई बड़ी सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने माँ यमुना की प्रतिमा का अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण और माँ यमुना कृष्ण मंदिर का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर माँ यमुना के पावन तट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम और भव्य यमुना आरती का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने साधु-संतों और हजारों श्रद्धालुओं के साथ यमुना आरती में प्रतिभाग कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

2100 दीयों से जगमगाया यमुना तट
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत यमुना तट पर एक साथ 2100 दीप प्रज्वलित किए गए। दीयों की रोशनी से पूरा घाट दिव्य और भव्य नजर आया। मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं दीया जलाकर आरती की शुरुआत की। श्रद्धा और आस्था से भरे इस दृश्य ने कालसी को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
CM धामी ने कहा कि कालसी की धरती इतिहास, आस्था और संस्कृति की भूमि है। ये आयोजन हमारी सनातन परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने और उत्तराखंड की विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का काम करेंगे।

हनोल मास्टर प्लान को 150 करोड़ की स्वीकृति
मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जौनसार-बावर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हनोल मास्टर प्लान के लिए 150 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी गई है। इससे हनोल, लाखामंडल सहित पूरे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की सुविधाएं विकसित होंगी।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ मंदिर-घाट बनाना नहीं है, बल्कि पर्यटन से स्थानीय लोगों की आर्थिकी मजबूत करना है। होमस्टे, स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और परिवहन से युवाओं को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड आस्था, विरासत और विकास का संगम बन रहा है।इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सचिव रणवीर सिंह चौहान, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि सहित बड़ी संख्या में साधु-संत और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
