उत्तराखंड। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोहियाहेड अतिथि गृह, खटीमा से वर्चुअल माध्यम से Sardar@150 Campaign की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। यह अभियान राष्ट्रीय एकता के प्रतीक और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी एकता मार्च को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर पर विद्यालयों और महाविद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा जनजागरूकता अभियानों का भव्य आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि इस अभियान में युवाओं, महिलाओं, स्थानीय निकायों, स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी राज्य स्तर पर साझा की जाए ताकि अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि Sardar@150 अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और कौशल से भारत को एक सशक्त और एकीकृत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर उन्होंने “एक भारत” की नींव रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की कूटनीति, दूरदर्शिता और निर्णायक नेतृत्व का स्वतंत्र भारत के इतिहास में अमूल्य योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज सरदार पटेल के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के सपनों को साकार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने उनके सम्मान में गुजरात के नर्मदा जिले के केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कराया, जो विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा है और भारत की एकता, अखंडता तथा राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक मानी जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी देश को एकता, समरसता और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरित कर रहे हैं।
