नई टिहरी। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में प्रतापनगर विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ का शुक्रवार को रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतापनगर स्थित खेल मैदान में आयोजित इस विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन स्थानीय विधायक विक्रम सिंह नेगी ने किया। इस दौरान खिलाड़ियों के मार्च पास्ट और उत्साह ने पूरे वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विधायक नेगी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक विकास की अनिवार्य प्रक्रिया है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए खेलों को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाएं।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम सिंह नेगी ने क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र प्रतापनगर में युवाओं के लिए दो मिनी स्टेडियम बनकर तैयार हो चुके हैं, जो जल्द ही खिलाड़ियों को समर्पित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, भविष्य में भूमि की उपलब्धता के आधार पर पट्टी भदूरा, रौणद रमोली, उपली रमोली और ओण पट्टी में भी खेल मैदानों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। उन्होंने राज्य सरकार से भी मांग की है कि प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर कम से कम एक खेल मैदान विकसित किया जाए, जिससे पहाड़ की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखरने का उचित मंच मिल सके।
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 वर्ग में बालक और बालिकाओं के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। बालक वर्ग की लंबी कूद में आयुष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कृष्णा दूसरे और अंकित तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की लंबी कूद में सुहाना ने बाजी मारी, वहीं मानसी को दूसरा और आरती को तीसरा स्थान मिला। टीम इवेंट्स में भी खिलाड़ियों ने पूरा दमखम दिखाया। खो-खो प्रतियोगिता में न्याय पंचायत तिनवालगांव ने प्रथम, न्याय पंचायत रौणिया ने द्वितीय और पनियाला ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, कबड्डी के फाइनल मुकाबले में न्याय पंचायत रौणिया विजेता और तिनवालगांव उपविजेता रही।
