नई टिहरी। जौनपुर विकासखंड के अंतर्गत सरदार सिंह रावत राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नैनबाग के लिए सोमवार का दिन एक ऐतिहासिक और स्वर्णिम अध्याय लेकर आया। विद्यालय की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती और वार्षिकोत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हर्षाेल्लास और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ईशिता सजवाण, धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार और जिला पंचायत सदस्य रामदयाल शाह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी रोशनी और सांस्कृतिक छटा से सराबोर नजर आया, जहां छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
स्वर्ण जयंती के इस विशेष अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांध दिया। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक पेश करते हुए तांदी, गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोकनृत्यों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी गईं। छात्रों द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी नृत्य और स्थानीय लोकगीतों ने पंडाल में मौजूद दर्शकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। केवल सांस्कृतिक ही नहीं, बल्कि बौद्धिक और वैज्ञानिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए छात्रों ने एक उत्कृष्ट विज्ञान प्रयोगशाला प्रदर्शनी भी लगाई। साथ ही, स्थानीय उत्पादों के स्टालों के माध्यम से “वोकल फॉर लोकल” का संदेश भी दिया गया, जिसकी अतिथियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।
समारोह को संबोधित करते हुए धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के लिए 50 वर्ष का सफर पूरा करना एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह स्वर्ण जयंती समारोह विद्यालय के इतिहास में एक मील का पत्थर है। उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों के भविष्य के प्रति हमेशा सजग और सतर्क रहें, ताकि वे अपने निर्धारित लक्ष्य और मंजिल को आसानी से हासिल कर सकें। विधायक ने नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सभ्यता से जुड़े रहने की नसीहत दी। विद्यालय की आवश्यकताओं को देखते हुए और प्रधानाचार्य व शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विधायक ने कक्षा-कक्षों की मरम्मत के लिए विधायक निधि से तीन लाख रुपये देने की महत्वपूर्ण घोषणा की।
