नई टिहरी। नरेंद्रनगर के खेल मैदान में विगत दिनों से चल रही “विधायक चैंपियन ट्रॉफी” का शुक्रवार को पूरे जोश और उत्साह के साथ समापन हो गया। इस खेल महाकुंभ में क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल कौशल का लोहा मनवाया। समापन दिवस पर खेले गए फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंडर-19 बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में बुगाला की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बनाली की टीम उपविजेता रही। वहीं, महिला कबड्डी में रणाकोट की बेटियों ने बाजी मारी और प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बुगाला की टीम दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। वॉलीबॉल बालिका वर्ग में भी बुगाला का दबदबा रहा और उन्होंने आमपाटा को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर पुरस्कृत किया गया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने समापन समारोह के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य की रूपरेखा साझा की। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में शामिल न्याय पंचायतों के प्रदर्शन का आकलन किया जा रहा है और जो भी न्याय पंचायत अंकों के आधार पर “ऑल ओवर” प्रथम स्थान प्राप्त करेगी, उसे एक लाख रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। फिलहाल अंकों का परीक्षण जारी है और जल्द ही चौंपियन न्याय पंचायत के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। यह पुरस्कार राशि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन साबित होगी।
