गौचर/चमोली:
नगरपालिका क्षेत्र गौचर के पनाई गांव स्थित पन्नेश्वर शिवालय में शिवमहापुराण कथा प्रारम्भ होने पर समूचे क्षेत्र में आध्यात्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है। कथा व्यास आचार्य शक्ति प्रसाद देवली ने कहा कि देवों के देव महादेव की सच्चे मन से जो भक्ति करता है तथा उनकी कथाओं का श्रवण पवित्र मन के साथ करता है उसके कष्ट अवश्य ही दूर हो जाते हैं।
शुक्रवार को पनाई गांव की ओर से आयोजित शिवमहापुराण कथा के शुभारंभ पर गांववासियों में भारी उत्साह बना रहा। विधिविधान के साथ हुई प्रारंभिक पूजा अर्चना में मंदिर समिति के पदाधिकारियों सहित गांववासियों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष उमराव सिंह नेगी ने कहा कि कथा का विराम 27 फरवरी को है। इस दौरान शिवालय में कथा के साथ ही भजन कीर्तन हवन यज्ञ सहित तमाम कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा विशाल भंडारे का आयोजन भी होगा। व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने कहा कि व्यवस्थाओं को संपन्न करने में यंग स्टार क्लब पनाई व मंदिर समिति सहित शिवभक्तों का विशेष सहयोग मिला हुआ है।
