श्रीनगर। श्रीनगर-धारी देवी-देवलगढ़-खिर्सू पौड़ी पर्यटन सर्किट के अंतर्गत कमलेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का शिक्षा मंत्री व श्रीनगर विधायक डा. धन सिंह रावत ने शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्यटन सर्किट से श्रीनगर व पौड़ी के आस-पास के 6 मंदिर जोड़े गए हैं। पर्यटन सर्किट से जुड़ जाने पर अब इन मंदिरों का सौंदर्यीकरण व प्रचार-प्रसार के कार्य में तेजी आएगी। साथ ही मंदिरों का करोड़ो की लागत से सौंदर्यीकरण होगा व इन्हें भव्य रूप दिया जाएगा। श्रीनगर-धारी देवी-देवलगढ़-खिर्सू पौड़ी पर्यटन सर्किट के तहत कमलेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास यहां एसजीआरआर स्कूल मैदान में किया गया। इस मौके पर मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि कमलेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 116.44 लाख का बजट निर्धारित किया गया है। कहा इसी तरह देवलगढ़ स्थित राजराजेश्वरी मंदिर व अन्य कार्यों के लिए करीब डेढ़ करोड़ का बजट है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में मंदिरों का जीणोद्वार हो रहा है। कहा मंदिरों में जो अतिक्रमण हो रहा है उसे हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीनगर के मंदिरों पर इतिहासकारों से पुस्तक लिखने को भी कहा गया है। कहा पर्यटन सर्किट के अंतर्गत श्रीनगर का कमलेश्वर महादेव मंदिर, धारी देवी मंदिर, राजराजेश्वरी मंदिर देवलगढ़, घंडियाल देवता मंदिर, कंडोलिया मंदिर पौड़ी व क्यूंकालेश्वर मंदिर पौड़ी को जोड़ा गया है।कहा कि गंगा दर्शन बैंड पर जल्द ही 100 फीट का तिरंगा लगाया जाएगा। कहा यहीं पर संचालित हो रही गोशाला का दो करोड़ की लागत से विस्तार किया जाएगा। जिससे श्रीनगर में गोवंश को लेकर हो रही समस्या का भी समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग गोशाला संचालित कर रहे हैं सरकार ने उनके लिए प्रति गाय 80 रूपए प्रतिदिन के हिसाब से देने का निर्णय लिया है। जल्द ही श्रीनगर बेस अस्पताल में 10 करोड़ की कैथ लैब व एक हजार यूनिट क्षमता का ब्लड बैंक वजूद में आएगा। उन्होने कहा कि 15 करोड़ की लागत से श्रीनगर में डाक्टरों के आवास बनेंगे। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुषमा रावत, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र धिरवाण, पूर्व राज्य मंत्री अतर सिंह असवाल, जिला मंत्री गिरीश पैन्यूली, नगमा तौफिक, वासुदेव कंडारी, अमित जुगराण, पूजा गौतम, पंकज सती, संजय गुप्ता, दिनेश पटवाल, सौरभ पांडेय, गणेश भट्ट आदि मौजूद रहे। संचालन डा.राकेश भट्ट ने किया।