अधिकतर घरेलू उपभोगताओं पर पड़ेगा नए टैरिफ का बोझ
जनसुनवाई में उपभोक्ताओं ने की थी दाम ना बढ़ाने की अपील
नियामक आयोग ने कहा 70प्रतिशत बिजली की बाहर से खरीद
देहरादून। राज्य में बिजली के दाम एक बार से बढ़ा दिए गए हैं। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग की तरफ से बिजली को लेकर नया टैरिफ जारी कर दिया गया है। खास बात यह है कि इस बार घरेलू उपभोक्ताओं पर भी काफी ज्यादा बोझ बढ़ाया गया है। राज्य में इस बार घरेलू उपभोक्ताओं पर 31 मार्च 2020 की तुलना में कुल मिलाकर 13.25 प्रतिशत की टैरिफ में वृद्धि की गई है। उत्तराखण्ड व विद्युत नियामक आयोग के तकनीकी सदस्य एम.के. जैन ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर नई दरों की जानकारी दी है।
अप्रैल से जारी होगा बिजली का नया टैरिफ
घरेलू उपभोक्ता को 100 यूनिट तक 25 पैसे प्रति यूनिट महंगी बिजली मिलेगी। जबकि कमर्शियल उपभोक्ता पर 0.57 प्रतिशत यूनिट बिजली के दाम बढ़े हैं। इंडस्ट्रियल कंज्यूमर को 1.34 प्रतिशत प्रति यूनिट बिजली के दाम बढ़ाए गए हैं। रेलवे में बिजली के दामों में 9.68 प्रतिशत प्रति यूनिट वृद्धि की गई है। घरेलू बिजली में 3.44 प्रतिशत, गवर्नमेंट पब्लिक यूटिलिटी में 1.62 प्रतिशत, मिक्स लोड में 3.03 प्रतिशत, रेलवे में 9.68 प्रतिशत, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग प्वाइंट पर 5.04 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई है।
सोलर प्लांट वालों को दी रिबेट
राज्य में सोलर प्लांट लगाने वाले लोगों को भी राहत देते हुए इन्हें रिबेट देने का फैसला लिया गया है। समय से बिजली बिल का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को दी जाने वाली छूट में भी बढ़ोत्तरी की गई है। पहले 1.25 प्रतिशत की छूट ऐसे लोगों को दी जाती थी। अब उसमें बढ़ोत्तरी करते हुए 1.5 प्रतिशत की बिलिंग में छूट दी जाएगी।
दाम बढ़ाने पर विद्युत नियामक आयोग की थ्योरी
उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि राज्य में कुल मांग के महज 30 प्रतिशत बिजली ही राज्य उत्पादन कर रहा है। जबकि करीब 70 प्रतिशत बिजली खरीदनी पड़ रही है। लिहाजा ऊर्जा प्रदेश के रूप में बिजली के दामों में बढ़ोत्तरी न किए जाने की मांग को इस रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
