देहरादून में मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल जारी, 13 अगस्त तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

 

 

देहरादून। जनपद देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरा होने के बाद मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल (प्रथम प्रारूप) प्रकाशित कर दिया गया है। अब मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन कराने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 13 अगस्त 2026 तक आवेदन किया जा सकेगा।

 

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ड्राफ्ट मतदाता सूची, सर्विस वोटर, एएसडी वोटर तथा मतदान केंद्रों की सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति दिखाई दे तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि अंतिम प्रकाशन से पहले आवश्यक सुधार किए जा सकें।

प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के अनुसार जनपद देहरादून में कुल 11,90,805 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,369 सर्विस वोटर और 10,130 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। वहीं, मतदान केंद्रों की संख्या 1,882 से बढ़कर 2,045 हो गई है।

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूची, सर्विस वोटर सूची तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची संबंधित राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती भी कर दी गई है।

 

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या किसी प्रकार का संशोधन कराने के इच्छुक पात्र नागरिक 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच अपने संबंधित मतदाता पंजीकरण अधिकारी, सहायक पंजीकरण अधिकारी अथवा बीएलओ से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित होगी।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति शीघ्र पूर्ण करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि भाजपा के 35, कांग्रेस के 103 और सीपीआईएम के 1,394 मतदान केंद्रों पर अभी बीएलए-2 की नियुक्ति शेष है, जबकि बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी ने अब तक किसी भी मतदान केंद्र पर बीएलए-2 नियुक्त नहीं किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *