टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने शुक्रवार को तहसील धनोल्टी क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने चिफल्डी, तौलिया काटल, सौंदणा, रगड़ गांव और घुड़साल गांव सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया और आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आपदा प्रभावित ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार कुंड और रगड़ गांव की सड़क कनेक्टिविटी क्षतिग्रस्त होने के कारण इन क्षेत्रों में हेली सेवा के माध्यम से सरकारी खाद्यान्न की आपूर्ति पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सौंग बांध परियोजना के विस्थापितों के पुनर्वास से जुड़ी कार्रवाई जारी है और प्रशासन इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है।
जिलाधिकारी ने मौके पर आपदा प्रभावितों के विस्थापन की मांगों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व टीम को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार का सर्वेक्षण कर विस्तृत सूची तैयार की जाए, ताकि राहत और पुनर्वास की प्रक्रिया को शीघ्र गति दी जा सके।
इस दौरान उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज रगड़गांव का भी निरीक्षण किया, जहां हालिया दैवीय आपदा के दौरान कंप्यूटर लैब को नुकसान पहुंचा था। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को एक सप्ताह के भीतर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि 16-17 सितंबर की आपदा में रगड़ गांव की सड़क कनेक्टिविटी पूरी तरह टूट गई थी, लेकिन अब वैकल्पिक मार्ग बनाकर संपर्क पुनः स्थापित कर दिया गया है।
