जिलाधिकारी ने किया फ्लाईबोर्ड एक्टिविटी का उद्घाटन, पर्यटकों की सुविधाओं पर विशेष जोर

 

नई टिहरी। टिहरी झील में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बुधवार को कोटी कॉलोनी स्थित बोटिंग प्वाइंट का निरीक्षण किया और बहुप्रतीक्षित फ्लाईबोर्ड जलक्रीड़ा गतिविधियों का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने झील क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों की सुविधाओं और सुरक्षा के दृष्टिगत कई निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग और टाडा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बोटिंग प्वाइंट पर पर्यटकों के लिए मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, साथ ही स्वच्छ पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए ताकि आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने झील के जल स्तर में कमी आने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्यटक अनधिकृत और असुरक्षित स्थानों से झील में प्रवेश न करें। इसके लिए झील के किनारों पर येलो टेप लगाने के साथ-साथ चेतावनी सूचक साइन बोर्ड भी विभिन्न स्थानों पर लगाए जाएं। इन निर्देशों की जिम्मेदारी पुलिस और डीटीडीओ को सौंपी गई।

पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि बोटिंग प्वाइंट पर सुरक्षा को लेकर श्रव्य संदेश प्रणाली स्थापित की जाए, जिससे पर्यटकों को समय-समय पर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश मिलते रहें। इसके अतिरिक्त, अवकाश के दिनों में स्वयं सेवक जवानों की तैनाती की व्यवस्था की जाए ताकि आपात स्थितियों में तत्काल प्रतिक्रिया दी जा सके। जिलाधिकारी ने सभी जलक्रीड़ा गतिविधियों का सुरक्षा ऑडिट कराए जाने और स्थल की नियमित सफाई बनाए रखने के निर्देश भी स्पष्ट रूप से दिए।

इस अवसर पर एसएसपी आयुष अग्रवाल, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम अवधेश कुमार, जिलाध्यक्ष उदय रावत, बोट यूनियन के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने न केवल स्थानीय पर्यटन को गति दी, बल्कि क्षेत्रीय रोजगार संभावनाओं को भी सशक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *