टिहरी। स्वच्छता अभियान एवं स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के नेतृत्व में केमसारी टीन सेड क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिला प्रशासन और नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में प्रत्येक बुधवार को संचालित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय विद्यालय सेमलतप्पड़ का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्कूल के खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने, बंद पड़े शौचालयों को तत्काल खोलने और परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने टीन सेड की महिलाओं की समस्याएं भी सुनीं। जिलाधिकारी ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में खुले नालों को ढंका जाए, सीवर लाइनों की मरम्मत की जाए और गीले एवं सूखे कूड़े के लिए अलग-अलग डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
