जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में कार्डियक केयर युनिट की शुरुआत।

 

गौचर ( प्रदीप लखेड़ा )

केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आने वाले यात्रियों के अलावा चमोली एवं रुद्रप्रयाग जनपद के मरीजों के लिये अच्छी खबर है। अब हार्ट के मरीजों को रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय में ही प्रारंभिक उपचार मिल सकेगा। दरअसल रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय में कार्डियक केयर यूनिट की स्थापना की गई है। फिलहाल यहां पर पांच बेड लगाये गये हैं और एक चिकित्सक को तैनात किया गया है। इससे पहले यहां पर कार्डियक केयर यूनिट न होने के कारण हार्ट के मरीजों को सीधे ऋषिकेश या फिर देहरादून रेफर किया जाता था। बता दें कि यात्रा सीजन के दौरान कई यात्रियों की मौत हार्ट अटैक से हो जाती है।

पूरे मामले की जानकारी देते हुए रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में कार्डियक केयर यूनिट की स्थापना होने का लाभ यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों के अलावा चमोली एवं रुद्रप्रयाग जनपद के लोगों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन में देखा जाता है कि केदारनाथ की पैदल चढ़ाई पार करते समय यात्रियों को हार्ट अटैक पड़ जाता है और यहां कहीं भी हार्ट का उपचार न होने से यात्रियों की जान चली जाती है। इसके अलावा चमोली एवं रुद्रप्रयाग जनपद के हार्ट के मरीजों को अपना उपचार कराने के लिये ऋषिकेश या फिर देहरादून जाना पड़ता है। चारधाम यात्रा और स्थानीय मरीजों की परेशानी देखते हुये रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय में कार्डियक केयर यूनिट की स्थापना की गई है। फिलहाल यहां मशीनों के साथ पांच बेड लगाये गये हैं और एक चिकित्सक की तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *