शिव महिमा के श्रवण से भक्त हुए भावविभोर, कुमार लोक महायज्ञ में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

 

 

ऊखीमठ। देवसेनापति भगवान कार्तिकेय की तपोस्थली कुमार लोक में आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा के छठे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। धार्मिक अनुष्ठानों और पुराण वाचन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

 

प्रातःकाल से ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कुण्ड में आहुतियां अर्पित की गईं। विश्व शांति, मानव कल्याण और लोकमंगल की कामना के साथ संपन्न अनुष्ठानों से क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान रहा।

कथावाचक आचार्य वासुदेव प्रसाद थपलियाल ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए शिव भक्ति, तप, त्याग और वैराग्य के महत्व पर प्रकाश डाला। कथा के दौरान श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

 

इस अवसर पर पूर्व विधायक मनोज रावत ने भी सहभागिता की और आयोजन समिति की सराहना की। कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है तथा आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

महायज्ञ के सफल आयोजन में कार्तिकेय मंदिर समिति, जनप्रतिनिधियों, महिला एवं युवक मंगल दलों, स्वयंसेवकों और स्थानीय ग्रामीणों का सक्रिय सहयोग मिल रहा है। पूरा कुमार लोक क्षेत्र इन दिनों श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना के अद्भुत संगम का साक्षी बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *