फिट भारत, हिट भारत’ विषय पर देहरादून में विकसित भारत यंग प्रोफेशनल राउंड टेबल आयोजित

 

 

देहरादून। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026’ पहल के तहत माय भारत, देहरादून और इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी में ‘विकसित भारत यंग प्रोफेशनल राउंड टेबल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘फिट भारत, हिट भारत’ रहा।

 

कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस, माय भारत स्वयंसेवकों, युवा पेशेवरों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान स्वस्थ जीवनशैली, नेतृत्व क्षमता, करियर, नवाचार, अनुशासन और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर चर्चा की गई।

 

कार्यक्रम में माय भारत की प्रेजेंटर मेघा शर्मा ने ‘फिट भारत, हिट भारत’ विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया। पैनल चर्चा में डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी की वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अंजुम अग्रवाल, डॉ. एएस सुरेश अय्यर, यथार्थ गैरोला, ग्रुप कैप्टन आरसी त्रिपाठी और एडवोकेट रितु गुजराल ने युवाओं को स्वास्थ्य, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया।

विशेषज्ञों ने कहा कि फिट भारत का अर्थ केवल शारीरिक स्वास्थ्य नहीं, बल्कि मानसिक रूप से मजबूत, अनुशासित और जिम्मेदार युवा तैयार करना भी है। उन्होंने युवाओं से स्वयंसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में स्वास्थ्य, करियर, एडवेंचर गतिविधियों और नेतृत्व क्षमता जैसे विषयों पर प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से संवाद किया।

 

समापन अवसर पर माय भारत, देहरादून की उपनिदेशक मोनिका नांदल ने धन्यवाद ज्ञापन किया और युवाओं को MY Bharat पोर्टल से जुड़ने की अपील की। इस दौरान प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *