जौनपुर क्षेत्र पंचायत की पहली अनौपचारिक बैठक संपन्न, रोडवेज बस सेवा शुरू करने की उठी मांग

टिहरी। जौनपुर क्षेत्र पंचायत की पहली अनौपचारिक बैठक गुरुवार को ब्लॉक सभागार थत्यूड़ में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख सीता पवार ने की। इस दौरान सभी शपथ ग्रहण कर चुके क्षेत्र पंचायत सदस्य व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ब्लॉक अधिकारियों का औपचारिक परिचय कराया बैठक के दौरान जौनपुर विकास मंच की ओर से विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ में रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर ब्लॉक प्रमुख सीता पवार को एक ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन देते  हुए मंच के महामंत्री खेमराज भट्ट व उपाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने कहा कि जौनपुर विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ प्रदेश का एकमात्र ब्लॉक मुख्यालय है जहां सरकारी अथवा निजी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने ब्लॉक प्रमुख से आग्रह किया कि इस प्रस्ताव को क्षेत्र पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से पारित कर शासन-प्रशासन से थत्यूड़ में शीघ्र रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग की जाए।
इसी मांग को लेकर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश प्रसाद लेखवार और पूर्व प्रधान श्याम सिंह असवाल ने जिला मुख्यालय नई टिहरी में जिलाधिकारी नीतिका खंडवाला को भी ज्ञापन सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *