चमोली। भू-बैकुंठ श्री बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा और दान से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। बद्रीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर के सिंह द्वार के बाहर मौन व्रत और धरना शुरू किया। विधायक ने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक बुटोला ने कहा कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है, इसलिए इसकी उच्च स्तरीय न्यायिक जांच अथवा एसआईटी से जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
सुबह से जारी मौन प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठाई।
