थराली। क्षेत्र में गैस किल्लत की अफवाहों और प्रशासन के “पर्याप्त स्टॉक” के दावों के बीच पिछले तीन दिनों से थराली स्थित Indian Oil Corporation के इंडेन गैस गोदाम के बाहर दूर-दराज क्षेत्रों से लोग खाली सिलेंडर लेकर पहुंच रहे हैं। हालांकि, लंबे इंतजार के बाद भी ज्यादातर उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे वाहन बुक कर दूर-दराज गांवों से थराली पहुंच रहे हैं, लेकिन गोदाम पर लंबा इंतजार करने के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण गोदाम पर ताला लगा हुआ है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बढ़ती शिकायतों को देखते हुए सोमवार को थराली के उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने इंडेन गैस गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गैस एजेंसी के कर्मचारियों से स्टॉक की स्थिति, बुकिंग स्टेटस और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।
उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने बताया कि गैस एजेंसी के प्रबंधक से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई बड़ी किल्लत नहीं है। उपभोक्ताओं को ओटीपी आधारित बुकिंग के बाद ही गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। एजेंसी की ओर से आवश्यक डिमांड भेज दी गई है और बुकिंग की प्राथमिकता के आधार पर मंगलवार सुबह से घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण शुरू किया जाएगा।
वहीं गैस एजेंसी के कर्मचारियों का कहना है कि कई उपभोक्ताओं ने समय पर केवाईसी नहीं कराई है, जिसके कारण उनका ओटीपी जनरेट नहीं हो पा रहा है और ऐसे में गैस सिलेंडर देना संभव नहीं हो रहा है। एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द केवाईसी पूरा कराने की अपील की जा रही है। बताया गया कि कई उपभोक्ताओं की केवाईसी एक साल से अधिक समय से लंबित है।
गैस एजेंसी के अनुसार क्षेत्र में फिलहाल गैस की कोई बड़ी किल्लत नहीं है। मंगलवार तक गैस की गाड़ी थराली पहुंचने की संभावना है और जिन उपभोक्ताओं ने 24 घंटे पहले बुकिंग कराई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर वितरित किए जाएंगे। इसके बाद अन्य उपभोक्ताओं को भी गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
