कोटद्वार बर्ड फेस्टिवल में CM धामी शामिल, 326 करोड़ से अधिक की 61 विकास योजनाओं की सौगात

कोटद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कोटद्वार में आयोजित दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के विभिन्न विकासखंडों के लिए कुल 61 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत 32,612.33 लाख रुपये है।

कोटद्वार पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले दिव्यांग बालक-बालिकाओं से मुलाकात कर उनसे संवाद किया और उनकी शिक्षा की जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने सिद्धबली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। बाद में सनेह क्षेत्र में आयोजित बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम स्थल पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज कोटद्वार की छात्राओं द्वारा गढ़वाली लोकभाषा में प्रस्तुत स्वागत गान और हेरिटेज स्कूल के बच्चों की पक्षी एवं प्रकृति संरक्षण पर आधारित प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही।

61 योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 21 योजनाओं का शिलान्यास किया, जिनकी अनुमानित लागत 8,172.78 लाख रुपये है, जबकि 40 योजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिनकी कुल लागत 24,439.55 लाख रुपये रही।

बर्ड फेस्टिवल और स्थानीय उत्पादों की सराहना

मुख्यमंत्री ने फेस्टिवल परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया, जिनमें पक्षियों की फोटो प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण रही। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्थानीय उत्पादों के स्टॉल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि 21वां दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा और इसमें महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।

कोटद्वार में विकास कार्यों की जानकारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि कोटद्वार क्षेत्र में बस टर्मिनल, आयुष चिकित्सालय, खोह नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए एसटीपी की स्थापना, मालन नदी पर 26 करोड़ रुपये से अधिक लागत से पुल निर्माण तथा कोटद्वार-नजीबाबाद फोरलेन का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

नई घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं, जिनमें हल्दूखाता में नगरीय पेयजल योजना की जीर्ण-शीर्ण पाइपलाइन का सुदृढ़ीकरण, राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में कक्षा-कक्ष, पुस्तकालय, विज्ञान एवं कंप्यूटर कक्ष तथा चहारदीवारी का निर्माण शामिल है। इसके अलावा जीतपुर गांव में बाढ़ सुरक्षा कार्य, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झंडीचौड़ में 108 एंबुलेंस सेवा तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में चहारदीवारी निर्माण की घोषणा की गई।

पर्यावरण संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनेक पक्षी प्रजातियां विलुप्त होने की कगार पर हैं, जिनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैव विविधता की दृष्टि से समृद्ध राज्य है, जहां लगभग 71 प्रतिशत भूभाग वन क्षेत्र से आच्छादित है। राज्य में देश की लगभग 1300 पक्षी प्रजातियों में से 400 से अधिक दुर्लभ प्रजातियां पाई जाती हैं।

विधानसभा अध्यक्षा का सुझाव

विधानसभा अध्यक्षा एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूरी भूषण ने कहा कि कोटद्वार क्षेत्र में लगभग 400 पक्षी प्रजातियां पाई जाती हैं। उन्होंने बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल को प्रदेश सरकार के वार्षिक कैलेंडर में शामिल कर 31 जनवरी को ‘बर्ड फेस्टिवल दिवस’ के रूप में मनाने का सुझाव दिया।

भारी संख्या में लोगों की भागीदारी

दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल के पहले दिन 2500 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 300 छात्र-छात्राएं, 800 युवा, 400 महिलाएं, 100 बर्ड वॉचर तथा 900 से अधिक अन्य प्रतिभागी शामिल रहे। फेस्टिवल के अंतर्गत आयोजित मैराथन, पेंटिंग, क्विज और निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को अंतिम दिन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *