नई दिल्ली/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के अवसर पर उत्तराखण्ड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं अन्य विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों एवं उत्पादकों से बातचीत की और उनके उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों और हस्तशिल्प की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय संसाधनों में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के पारंपरिक उत्पाद केवल सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।

स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से प्रदेश के कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा नए बाजारों से जुड़ने के अवसर मिलते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने, पारंपरिक कौशल को संरक्षण देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के अनुरूप उत्तराखण्ड सरकार भी प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
आधुनिक तकनीक और बेहतर पैकेजिंग से बढ़ेगी उत्पादों की पहुंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय में वृद्धि होगी तथा युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियां, प्राकृतिक संपदा और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उत्पाद प्रदेश की अलग पहचान हैं। इन उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने पवेलियन में प्रतिभाग कर रहे कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और रचनात्मकता उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने के साथ ही उत्तराखण्ड को आर्थिक एवं व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक होंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
