CM धामी ने अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को किया सम्मानित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की बेटी एवं अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को बॉडीबिल्डिंग क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। उन्होंने शॉल ओढ़ाकर एवं गमला भेंट कर उन्हें सम्मान प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने प्रतिभा की सफलता को प्रदेश की मातृशक्ति के गौरव और महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धियां विशेषकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों की बेटियों को खेल और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृप्रधान परंपरा में महिलाओं ने कृषि, सामाजिक जीवन, पर्यावरण संरक्षण और खेलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदेश सरकार ऐसी प्रतिभाशाली महिलाओं को आगे बढ़ाने और आवश्यकता पड़ने पर राजकीय सेवा में अवसर देने के लिए भी प्रयासरत है।

प्रमुख उपलब्धियां

43 वर्षीय प्रतिभा थपलियाल ने पिछले चार वर्षों में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं—

  • वर्ष 2023 में राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक

  • एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक

  • 9 फरवरी 2026 को तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक

वह महिला विश्व और एशिया चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली प्रदेश की अग्रणी महिला बॉडीबिल्डरों में शामिल हैं। सरकार ने महिला खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *